स्कूल हॉस्टल में 9 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस,

जिले के हवेली खड़गपुर नगर अंतर्गत कंटिया बाजार स्थित सेंट टेरेसा सेमिनरी स्कूल हॉस्टल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां तृतीय वर्ग के 9 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत छात्र की पहचान मंझगांव पोकरी निवासी दीपक कुमार के पुत्र साहिल कुमार के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल का पिता दीपक कुमार बाहर रहकर मजदूरी का कार्य करता है, जबकि उसकी मां ने उसे पढ़ाई के लिए जबरन हॉस्टल में रखा था। हॉस्टल प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि साहिल हॉस्टल में रहना नहीं चाहता था और कई बार घर जाने की जिद करता था। इसी मनोवैज्ञानिक दबाव के बीच उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया।
साहिल की बहन रेणु कुमारी ने भी पुष्टि की कि उसके छोटे भाई ने आत्महत्या कर ली है। फिलहाल, थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस छानबीन में जुट गई है।
घटना ने क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। मां और बहन का रो रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर किन परिस्थितियों में मासूम छात्र को अपनी जान देनी पड़ी।




