लोकल न्यूज़

स्वास्थ्य टीम का औचक निरीक्षण, सेवा-गैप दूर करने के कड़े निर्देश,

जिले की स्वास्थ्य टीम ने  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हवेली खड़गपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का नेतृत्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मो. फैजान ने किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपकरणों, दवा वितरण व्यवस्था और चिकित्सकीय सेवाओं की गहराई से समीक्षा की तथा आवश्यक सुधार हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए।

डीपीएम मो. फैजान ने बताया कि यह निरीक्षण हाल ही में राज्य स्तरीय टीम द्वारा हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के किए गए निरीक्षण के फॉलो-अप के रूप में किया गया। राज्य स्तरीय टीम ने आयुष्मान भारत के तहत संचालित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर और सीएचसी में बुनियादी उपकरणों की कमी, दवा की अनियमित उपलब्धता तथा स्टाफ की अनुपस्थिति जैसे गंभीर मुद्दों पर चिंता जताई थी। टीम ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों की प्रतिदिन उपस्थिति अनिवार्य करने और सेवा-व्यवस्था में मौजूद “सेवा-गैप” को तत्काल दूर करने के निर्देश जारी किए थे, ताकि आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान डीपीएम ने पाया कि हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर हथिया और मंझगाई में रोगी-परामर्श और दवा वितरण की व्यवस्था सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। वहीं सीएचसी हवेली खड़गपुर में आपातकालीन सेवाओं का विस्तार और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीपीएम मो. फैजान ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुबोध कुमार को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सभी सुधारात्मक कदम तत्काल लागू करें और राज्य स्तरीय टीम के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधक उमेश कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी एवं स्टाफ उपस्थित थे।

इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!