क्राइमलोकल न्यूज़

गंगटा जंगल में सड़क हिंसा: साइड विवाद में ट्रक चालक की कुचलकर मौत, आरोपी गिरफ्तार,

गंगटा जंगल में  साइड लेने को लेकर हुए विवाद ने सड़क को खून से लाल कर दिया। आमने-सामने से आ रहे दो ट्रकों के बीच हुए टकराव में एक ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा महज दुर्घटना नहीं, बल्कि गुस्से और लापरवाही का खतरनाक अंजाम बन गया, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।
मृतक की पहचान कटिहार जिले के लक्ष्मीपुर लोहिया गांव निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद सिड्डू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी  और दो मासूम बच्चे छोड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सिड्डू अपने मौसेरे भाई मोहम्मद इसराइल के साथ अलग-अलग ट्रकों से पूर्णिया से जमुई बालू लोडिंग के लिए जा रहा था। इसी दौरान गंगटा जंगल में जमुई की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रक के चालक, सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मिस्टी गांव निवासी मिथिलेश कुमार से साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी चालक ने गाली-गलौज करते हुए जानबूझकर अपने ट्रक से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोहम्मद सिड्डू दो ट्रकों के बीच बुरी तरह दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गंगटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हवेली खड़गपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. राजीव लोचन ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया और आरोपी चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया ।
इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और बच्चों की हालत देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर विवाद और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!