राजनीतिलोकल न्यूज़
हवेली खड़गपुर अनुमंडलीय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का रविवार से शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन,

हवेली खड़गपुर अनुमंडलवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ रविवार, 28 दिसंबर 2025 को उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों को सौ शैय्या अस्पताल की सुविधाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होने लगेंगी।

जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल का भवन वर्ष 2024 में ही उद्घाटित किया जा चुका है, जबकि अब रविवार से आमजन के लिए औपचारिक रूप से स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आपातकालीन सेवा, ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं रविवार से ही शुरू हो जाएंगी।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि अस्पताल में शेष सुविधाओं के विस्तार का कार्य भी निरंतर जारी रहेगा। इनमें मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम का अधिष्ठापन, एयर कंडीशनिंग, लिफ्ट, ऑपरेशन थिएटर, यूपीएस सहित अन्य आवश्यक संरचनात्मक कार्य शामिल हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रविवार से प्रारंभ होने वाली स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जा सके।




