लोकल न्यूज़

हवेली खड़गपुर में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की पहल तेज, एसडीएम ने चिन्हित स्थलों का किया निरीक्षण,

जिले के हवेली खड़गपुर अनुमंडल क्षेत्र में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में  अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) राजीव रोशन ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ अंचल अधिकारी जयप्रकाश, राजस्व कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य प्रबंधक मौजूद रहे। अधिकारियों ने हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत शामपुर थाना के समीप दुर्गा स्थान परिसर में चयनित भूमि का जायजा लिया। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित भीम बांध क्षेत्र के जंगल में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिन्हित जमीन का भी अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान दोनों स्थलों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली गई। एसडीएम राजीव रोशन ने बताया कि शामपुर तथा गंगटा पंचायत के भीम बांध में चयनित जमीन का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन स्थानों पर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।

एसडीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सुदूर और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि आम लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। सरकार के निर्देशों के अनुरूप ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं। यह स्थल निरीक्षण इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए किया गया है।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी जयप्रकाश को शेष स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान राजस्व कर्मचारी संतोष कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक उमेश कुमार, मुखिया पति नवल किशोर मंडल, नंदन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!