जिलाधिकारी ने किया मुंगेर–मोकामा फोरलेन भूमि मापी का स्थलीय निरीक्षण, रैयतों से सहयोग की अपील

मुंगेर–मोकामा फोरलेन परियोजना के लिए की जा रही जमीन मापी कार्यों का जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने आज स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मापी की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष रूप से आकलन किया।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद स्थानीय रैयतों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने रैयतों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके साथ है तथा सभी कार्य पारदर्शिता और विधि सम्मत तरीके से किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अपील की कि जिन रैयतों की भूमि फोरलेन निर्माण में आ रही है, वे स्वयं स्थल पर उपस्थित होकर अपने भू-सम्बंधित दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने बताया कि फोरलेन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चिन्हित भूखंडों की मापी तेज गति से की जा रही है। मापी पूर्ण होने के बाद इसकी रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी, जिसके बाद अग्रेतर कार्रवाई आरंभ होगी।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।




