मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुंगेर का किया दौरा, गंगा पथ, मेडिकल कॉलेज व पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने रविवार को मुंगेर जिले का दौरा कर माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान उद्घोषित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने मुंगेर में प्रस्तावित गंगा पथ निर्माण के एलाइनमेंट हेतु निर्धारित प्रारंभ बिंदु हेरुदियारा का स्थल निरीक्षण किया और निर्माण कार्य से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इसके पश्चात उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से बातचीत कर आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है, इसलिए किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्य सचिव ने चंडिका स्थान के मुख्य सड़क एवं मंदिर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही भीम बांध में पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस पहल करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मुंगेर को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने का जो संकल्प लिया गया है, उसे धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने तेलडीहा क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु कांवर झील निर्माण की पहल की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुख्य सचिव ने जिले में संचालित अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।




