मुंगेर–खगड़िया पुल पर सड़क हादसा : दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम,

अहले सुबह घने कोहरे के बीच मुंगेर–खगड़िया पुल पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह घटना शाहपुर कमाल थाना क्षेत्र में मुंगेर पुल के पास उस समय हुई, जब दोनों बाइक से खगड़िया लौट रहे थे। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुर्गापुर निवासी आशीष कुमार (पिता शंभू पासवान) और आनंद कुमार (पिता पिंटू पासवान) के रूप में हुई है।

दोनों युवक अपने मुंगेर स्थित सीताकुंड ननिहाल में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तक कार्यक्रम में रहने के बाद वे सुबह करीब 5 बजे बाइक से खगड़िया वापस लौट रहे थे। तभी पुल के पास पहले से खड़े एक खराब ट्रक ने जान लेवा रूप ले लिया। घने कोहरे के कारण बाइक सवारों को ट्रक दिखाई नहीं दिया। इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक आगे खड़े खराब ट्रक से जा भिड़ी, जिससे दोनों युवक मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शवों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया। पोस्टमॉर्टम के लिए दोनों शव खगड़िया सदर अस्पताल भेजे गए। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।
स्थानीयों ने उठाया प्रशासन की लापरवाही का मुद्दा
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल पर खराब ट्रक कई घंटों से खड़ा था, लेकिन उस पर न तो कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था और न ही रिफ्लेक्टर। ऐसे में घने कोहरे में दुर्घटना होना तय था। लोगों ने मुंगेर एवं खगड़िया जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और खराब वाहनों को तुरंत हटाने, साथ ही धुंध के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है।
आशीष और आनंद की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने दोनों को शांत, मिलनसार और मेहनती युवा बताया। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।




