परीक्षा शुल्क वृद्धि व त्रुटिपूर्ण परिणाम के विरोध में हरि सिंह महाविद्यालय में अभाविप का धरना जारी,

मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा फॉर्म में की गई अप्रत्याशित शुल्क वृद्धि एवं सत्र 2023–27 के त्रुटिपूर्ण परीक्षा परिणाम के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का धरना-प्रदर्शन सोमवार को भी हरि सिंह महाविद्यालय परिसर में जारी रहा। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी देखने को मिली।
धरना-प्रदर्शन का संयुक्त नेतृत्व जिला एसएफएस सह संयोजक नीतेश मिश्रा एवं नगर सोशल मीडिया प्रमुख शिवम केशरी ने किया। इस दौरान नगर सह मंत्री शुभम भारद्वाज एवं सुभाष कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा शुल्क में की गई वृद्धि को वापस नहीं लेना कुलपति एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की शोषणकारी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुंगेर विश्वविद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राएं गरीब एवं सुदूर पिछड़े क्षेत्रों से आते हैं, ऐसे में उन पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ डालना दुर्भाग्यपूर्ण है।
नगर कोषाध्यक्ष श्रेयांश कुमार एवं सोनू केशरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो आंदोलन को विश्वविद्यालय स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्रों ने महाविद्यालय में ताला जड़ दिया, जिससे पठन-पाठन एवं कार्यालयीन कार्य पूरी तरह ठप हो गया। अभाविप द्वारा चलाए जा रहे इस आंदोलन में सैकड़ों छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
आंदोलन में जिला संयोजक अंकित जायसवाल सहित शुभम केशरी, पिंकेश कुमार, नगर सह मंत्री मोहित कुमार, शैलब झा, सचिन कुमार, रवि रंजन, दिव्यांशु कुमार, शबा, अनुराग, आनंद केशरी, सोनल, आरती, गायत्री, श्वेता, राधा, खुशी, वर्षा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




