लोकल न्यूज़

उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण,

आगामी 28 दिसम्बर 2025 को माननीय उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर की सेवाओं के शुभारंभ को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने  स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए शनिवार तक सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने हेलीपैड, खड़गपुर झील, कैफेटेरिया, अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर तथा खैरा स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के मैदान का भ्रमण कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी हवेली खड़गपुर को 28 दिसम्बर को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने बताया कि  उप मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी सर्वप्रथम राजकीय बुनियादी विद्यालय, खैरा के मैदान में आयोजित  प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके उपरांत वे स्थानीय लोगों की जन समस्याओं से रूबरू होंगे। तत्पश्चात उनके द्वारा सौ शैय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर की सेवाओं का शुभारंभ एवं अस्पताल का अवलोकन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अगले चरण में माननीय उप मुख्यमंत्री द्वारा हवेली खड़गपुर झील के समीप किए गए सौंदर्यीकरण कार्य एवं नए बोटिंग चैनल का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही झील परिसर स्थित कैफेटेरिया में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, अनुमंडल पदाधिकारी तारापुर–हवेली खड़गपुर सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!