लोकल न्यूज़
एससी/एसटी योजनाओं से वंचित लाभुकों को आच्छादित करने गंगटा पंचायत का भ्रमण करेंगे डीएम,

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के सर्वांगीण विकास को गति देने तथा विभिन्न विकासपरक योजनाओं से वंचित अर्हित लाभुकों को आच्छादित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर बुधवार, 7 जनवरी 2026 को खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत गंगटा पंचायत के दुधपनिया ग्राम का भ्रमण करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के निदेश के आलोक में एससी/एसटी समुदाय के पात्र लाभुकों तक सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने हेतु यह कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी उक्त गांव में उपस्थित रहेंगे और ग्रामीणों को विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा, साथ ही लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित योजनाओं की संपूर्ण जानकारी के साथ गांव में उपस्थित रहें, ताकि ग्रामीणों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
इस विशेष अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और एससी/एसटी समुदाय के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।




