लोकल न्यूज़
खड़गपुर विधिज्ञ संघ ने धूमधाम से मनाया अनुमंडल स्थापना का 34वां वार्षिक उत्सव

खड़गपुर विधिज्ञ संघ के तत्वावधान में खड़गपुर अनुमंडल की स्थापना का 34वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष मनोरंजन कुमार सिन्हा एवं सचिव सकलदेव यादव के नेतृत्व में बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से केक काटकर स्थापना दिवस का जश्न मनाया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने खड़गपुर अनुमंडल की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए इसे क्षेत्र के न्यायिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। वक्ताओं ने कहा कि अनुमंडल की स्थापना से आम नागरिकों को न्याय एवं प्रशासनिक सुविधाएं सुलभ हुई हैं, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जनसुविधाओं को मजबूती मिली है।
इस अवसर पर अधिवक्ता शैलेश कुमार, सुरेश कुमार, रामनाथ पंडित, नवीन कुमार, कुमार, प्रमोद यादव, रामदुलार सिंह सहित बार एसोसिएशन के कई वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता उपस्थित थे। सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए खड़गपुर अनुमंडल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें अधिवक्ताओं ने संगठन की एकता, न्यायिक मूल्यों की रक्षा एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।




