घटना दुर्घटनालोकल न्यूज़
स्कूल नामांकन के लिए निकले परिवार पर टूटा कहर, हाईवा की टक्कर से महिला की मौत

जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा–रानी तालाब के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। विद्यालय में नामांकन के लिए जा रहे एक ही परिवार पर उस वक्त कहर टूट पड़ा, जब मिट्टी लोड तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतका की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी 37 वर्षीय रोशनी शुक्ला के रूप में हुई है। हादसे में उनके भाई नीतीश कुमार और पुत्र हर्षित कुमार भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा अचानक राजा–रानी तालाब के पास टेटीया बंबर की ओर मुड़ गया, इसी दौरान बाइक उसकी चपेट में आ गई और टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक हाईवा के नीचे फंस गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों को आनन–फानन में अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोशनी शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीतीश कुमार को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया, जबकि हर्षित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर भीड़ को हटाया और यातायात को सामान्य कराया। इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए तारापुर–खड़गपुर मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
पुलिस ने हाईवा और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है, हालांकि घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद फरार चालक के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




