टेटिया बम्बर में 8 जनवरी को डीएम की अध्यक्षता में जन-सुनवाई कार्यक्रम,

आम जनमानस को सरकार द्वारा संचालित विकासपरक, कल्याणकारी एवं जनोपयोगी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने तथा लंबित एवं स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से गुरुवार 8 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे टेटिया बम्बर प्रखंड कार्यालय के सभागार में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में जन-सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस जन-सुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा, श्रम, पंचायत स्तरीय योजनाएं, भूमि संबंधी समस्याएं, पेयजल, कृषि, विद्युत, राशन कार्ड, जीविका सहित अन्य योजनाओं/कार्यक्रमों के आच्छादन एवं लंबित मामलों से संबंधित परिवादों पर सुनवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रखंड अंतर्गत ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना तथा उनकी समस्याओं से सीधे रूबरू होकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके लिए टेटिया बम्बर प्रखंड में कार्यान्वित सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने विभागीय योजनाओं से संबंधित समस्त प्रतिवेदन, आवश्यक तैयारी, बैनर-पोस्टर एवं पंपलेट के साथ जन-सुनवाई में उपस्थित रहें, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ा जा सके और आ रही समस्याओं का समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने प्रखंड के सभी पंचायतों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस जन-सुनवाई कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।




