लोकल न्यूज़
जमालपुर में दो दिवसीय सीपीएसई लेवल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम सह औद्योगिक प्रदर्शनी का शुभारंभ,

एमएसएमई विकास कार्यालय, पटना, एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दो दिवसीय सीपीएसई लेवल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम सह औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन दिनांक 19 एवं 20 फरवरी 2026 को जमालपुर लोकोमोटिव वर्कशॉप परिसर में किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व रेलवे एवं सहयोगी संस्थानों—NTPC Limited, Indian Oil Corporation Limited, आयुध कारखाना, रेल व्हील कारखाना, जिला उद्योग केन्द्र, मुंगेर एवं विभिन्न बैंकों के सहयोग से किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ, जो बिनय प्रसाद बर्नवाल, मुख्य कारखाना प्रबंधक, जमालपुर लोकोमोटिव वर्कशॉप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों से आए लगभग 150 एमएसएमई इकाइयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के आरंभ में सुनील कुमार अग्निहोत्री, सहायक निदेशक, एमएसएमई विकास कार्यालय, पटना ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, प्रेस प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागी उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत रूप-रेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्रेता-विक्रेता (Buyer-Seller) कार्यक्रम सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो उन्हें केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों से सीधे जुड़ने और व्यवसायिक अवसर प्राप्त करने का सशक्त माध्यम प्रदान करता है।
इस दो दिवसीय आयोजन में औद्योगिक प्रदर्शनी के माध्यम से एमएसएमई इकाइयों द्वारा अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन एवं बाज़ार विस्तार का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।




