लोकल न्यूज़

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: 10 लाख महिलाओं को ₹10,000 की सहायता राशि, मुंगेर में दीदियों ने देखा लाइव कार्यक्रम,

बिहार सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹10,000 की सहायता राशि सीधे अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी।
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बटन दबाकर इस राशि का हस्तांतरण किया। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पूरे बिहार में किया गया।

जिले में यह कार्यक्रम संग्रहालय सभाकक्ष में आयोजित हुआ, जहाँ जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की उपस्थिति में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई लगभग 200 जीविका दीदियों ने लाइव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं में विशेष उत्साह और गर्व देखने को मिला।

मुंगेर में 1 लाख 90 हजार दीदियों को लाभ :-

जिले के दृष्टिकोण से यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण रही। मुंगेर जिले की कुल 1,90,000 जीविका दीदियों को आज की किस्त के रूप में ₹10,000 की राशि प्राप्त हुई है। इस धनराशि से दीदियाँ पशुपालन, बकरी पालन, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण, छोटी दुकान सहित अन्य आजीविका मॉडलों को और सुदृढ़ कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने सशक्तिकरण को बताया प्राथमिकता :-

मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी और महिलाओं को परिवार एवं समाज में आर्थिक निर्णय लेने में सक्षम बनाएगी।

जिलाधिकारी ने प्रेरित किया—“धनराशि का  करें सदुपयोग” :-

जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएँ योजना से जुड़ सकीं।
उन्होंने दीदियों से कहा कि आप सभी राशि का सदुपयोग करें और छोटे रोजगार प्रारंभ कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य से आगे दो लाख की राशि भी प्राप्त कर अपने रोजगार को और विस्तारित कर सकती हैं।

दीदियों ने योजना को बताया जीवन का ‘महत्वपूर्ण मील का पत्थर’ :-

लाभ प्राप्त करने वाली कई जीविका दीदियों ने इस योजना को अपने जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह राशि उनके छोटे-छोटे व्यवसायों को गति देगी और परिवार की आय बढ़ाने में मदद करेगी।

जिलेभर में 1 लाख दीदियों ने देखा कार्यक्रम :-

जिले के सभी 9 प्रखंडों, 22 संकुल संघों और 802 ग्राम संगठनों में प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। लगभग 1 लाख दीदियों ने इस कार्यक्रम को देखा और मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!