मुंगेर में छात्रों ने ली नशा मुक्ति की शपथ, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आज टाउन उच्च विद्यालय (+2) मुंगेर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक मेघना की उपस्थिति में हुई। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त भारत की दिशा में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। छात्रों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएँ विनिता कुमारी और रागिनी कुमारी ने नशा मुक्ति अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता ही इसका सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने छात्रों से नशे के दुष्चक्र से बचने तथा दूसरों को भी इससे दूर रखने का आह्वान किया।
छात्र संसद के अध्यक्ष शुभ कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और समाज को भी गहरे स्तर पर प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों से इस अभियान को विद्यालय से आगे बढ़ाकर समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने की अपील की।
अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक मेघना ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही सकारात्मक बदलाव की आधारशिला है और उनकी जागरूकता ही एक स्वस्थ और सशक्त भारत का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और छात्रों में नशा मुक्ति के प्रति उत्साह एवं दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से देखने को मिला।




