लोकल न्यूज़

फोटो खींच कर अण्डे वापस लेने के आरोप में जमालपुर के प्रधानाध्यापक निलंबित,

जमालपुर नगर के फरिदपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार को मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) योजना में अनियमितता के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। आरोप है कि स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले अंडों की सिर्फ फोटो खींचकर उन्हें वापस रखवा लिया जाता था। मामले की पुष्टि के बाद विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है।

सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिकायत की थी कि मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत प्रतिदिन मिलने वाले उबले अंडे बच्चों को वास्तविक रूप से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बच्चों को प्लेट में अंडा देकर उसकी फोटो खींची जाती थी, ताकि कागज पर वितरण दिखाया जा सके, लेकिन फोटो खिंचवाने के बाद अंडा वापस ले लिया जाता था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा कार्यालय के निर्देश पर कार्यक्रम पदाधिकारी के द्वारा विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएँ पाई गईं। जांच दल ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंप दी, जिसके बाद डीईओ कुणाल गौरव ने प्रधानाध्यापक के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि आगे विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। मध्यान्ह भोजन जैसी संवेदनशील योजना में गड़बड़ी को गंभीर मानते हुए जिम्मेदारों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई से अन्य विद्यालयों में भी अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

मामले की अगली सुनवाई और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने तक प्रधानाध्यापक निलंबित रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!