राजनीतिलोकल न्यूज़

हवेली खड़गपुर में विकास की ऐतिहासिक सौगात, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कई योजनाओं का किया शुभारंभ व शिलान्यास

बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रविवार को हवेली खड़गपुर में विकास कार्यों की लंबी श्रृंखला का शुभारंभ एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर पर्यटन, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना और कृषि विपणन से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया।
डिप्टी सीएम ने 150.90 लाख रुपये की लागत से विकसित खड़गपुर झील में वाटर स्पोर्ट्स परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस योजना से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और खड़गपुर झील एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगी।
इसके पश्चात उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, बिहार चिकित्सा सेवाएँ एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड, पटना द्वारा निर्मित 100 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल, हवेली खड़गपुर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अस्पताल के शुरू होने से खड़गपुर अनुमंडल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी, जिससे उन्हें अब बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
डिप्टी सीएम ने बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन योजना के तहत मुंगेर जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों के लिए आधारभूत संरचना निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इनमें तारापुर, असरगंज, संग्रामपुर, टेटियाबम्बर तथा हवेली खड़गपुर
प्रखंड की प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड शामिल हैं। इस योजना से किसानों को अपनी उपज के भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
इसके अलावा हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत शिवपुर लौगाय कालीस्थान के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति राशि 8,06,000 रुपये है। यह भवन सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत बड़ी मुढ़ेरी शीतला स्थान मोड़ से पूर्वी ताँती टोला एवं सिन्हा टोला तक पी.सी.सी. सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस योजना की प्रशासनिक स्वीकृति राशि 11,03,800 रुपये है, जिससे ग्रामीण संपर्क और आवागमन में सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने हवेली खड़गपुर के खैरा गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना और स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने खड़गपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बातें रखीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि तारापुर और हवेली खड़गपुर में एक साथ एसडीजेएम कोर्ट की शुरुआत की जाएगी, जिससे न्यायिक सुविधाएँ और अधिक सुलभ होंगी।
कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने खड़गपुर झील पर चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया, संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला एवं अनुमंडल प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने स्पष्ट कर दिया कि हवेली खड़गपुर अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है, जहाँ स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और आधारभूत संरचना को समान रूप से मजबूत किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!