क्राइमलोकल न्यूज़
हवेली खड़गपुर में युवक की निर्मम हत्या, शव झाड़ी में फेंका; सड़क जाम कर परिजनों ने की हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोमासी पुल स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक युवक की हत्या कर उसका शव झाड़ी में फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बैजलपुर गांव निवासी पीयूष कुमार (20) के रूप में हुई है। घटना की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीयूष कुमार इन दिनों अपनी नानी के घर नगर के महादेवपुर मोहल्ला में रह रहा था। वह भागलपुर में रहकर बीए पार्ट-वन की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम करीब सात बजे पीयूष से मोबाइल पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजन रात भर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि भोमासी पुल के समीप झाड़ी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान पीयूष कुमार के रूप में की। घटनास्थल से लगभग सौ मीटर की दूरी पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को यहां लाकर फेंका गया। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है।
सूचना मिलते ही खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया। हालांकि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्यारों की पहचान और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग पर भोमासी पुल के समीप करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना पर डीएसपी अनिल कुमार सहित स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।




