क्राइमलोकल न्यूज़
मुंगेर पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार,

जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंगेर पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मुफसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तारापुर दियारा में संचालित एक अवैध मिनीगन फैक्ट्री का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस दौरान हथियार बनाते रंगेहाथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में अवैध हथियार, अर्द्धनिर्मित पिस्टल, कारतूस एवं हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुसार, मुफसिल थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि तारापुर दियारा इलाके में कुछ लोग अवैध रूप से मिनीगन फैक्ट्री चलाकर आग्नेयास्त्र का निर्माण कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, मुंगेर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस दल में मुफसिल थाना पुलिस, एसटीएफ एवं थाना सशस्त्र बल को शामिल किया गया।
छापामारी दल जैसे ही तारापुर दियारा पहुँचा, देखा गया कि तीन व्यक्ति जमीन पर बैठकर अवैध हथियार का निर्माण कर रहे थे। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख तीनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल एवं एसटीएफ के सहयोग से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपना नाम छबीला सिंह (पिता–जागेश्वर सिंह, निवासी–रेता, थाना हरिणमार), सौरभ कुमार (पिता–भूषण सिंह, निवासी–बिंद टोली लक्ष्मीपुर सिताकुंड) तथा सिन्दु कुमार मंडल (पिता–स्व. उपेन्द्र मंडल, निवासी–मंडल टोला, सिताकुंड), सभी थाना मुफसिल, जिला मुंगेर बताया।
तत्पश्चात विधिवत तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 02 देशी पिस्टल मैगजीन सहित, 01 अर्द्धनिर्मित देशी पिस्टल, 02 मैगजीन, 04 जिंदा कारतूस, 07 लकड़ी फ्रेम लगे बेस मशीन, 02 ड्रिल मशीन सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त कई छोटे-बड़े औजार बरामद किए। इसके अतिरिक्त हथौड़ी, रेती, छेनी, हेक्सा फ्रेम ब्लेड, लोहे के वर्मा, फोक, डाई एवं बड़ी संख्या में मैगजीन समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। सभी बरामद सामग्रियों को विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में मुफसिल थाना कांड संख्या 465/25, दिनांक 24.12.25 को धारा 25(1)(a), 25(1-A), 25(1-AA), 25(1-B)a, 25(1-8)(C), 26(1), 26(2) एवं 35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में मुफसिल थाना कांड संख्या 147/25, दिनांक 02.05.25 को आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वहीं सिन्दु कुमार मंडल के खिलाफ बरियारपुर थाना कांड संख्या 141/23, दिनांक 01.08.23 को आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज रह चुका है।
इस सफल छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अभिषेक आनंद, मुफसिल थाना अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, पु०अ०नि० चन्देश्वर सिंह आजाद, एसटीएफ दल तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई से जिले में संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।




