क्राइमलोकल न्यूज़
भूमि विवाद ने ली दो सगे भाइयों की जान, खपड़ा गांव में पसरा मातम,

मुंगेर जिले के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर प्रखंड के खपड़ा गांव में मंगलवार अहले सुबह घरेलू व भूमि विवाद ने भयावह रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के बीच हुए आपसी संघर्ष में दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल कायम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रास्ता व जमीन को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान लाठी, खंती और लोहे के रॉड से हुए हमले में शैलेश कुमार उर्फ लालू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे भाई मुकेश कुमार को पुलिस द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेटिया बंबर लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मुंगेर रेफर किया गया। इलाज के दौरान मुकेश कुमार की भी मौत हो जाने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही टेटिया बंबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई जिला से एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक नमूने एकत्र किए। नाम न छापने की शर्त पर जांच टीम के सदस्यों ने बताया कि वैज्ञानिक जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश कुमार चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। सबसे बड़ा भाई अशोक कुमार सिंह वर्षों से राजस्थान में अपने परिवार के साथ रह रहा है, जबकि दूसरा भाई भोपाल उर्फ मदन मालवीय बाहर रहकर रोजगार करता है और हाल ही में गांव आया था। बताया गया कि मुकेश की पत्नी वर्षों पहले उन्हें छोड़कर चली गई थी, जबकि शैलेश की पत्नी कुछ दिन पहले मायके गई हुई थी।
घटना के बाद डीएसपी अनिल कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
दो सगे भाइयों की एक ही दिन हुई मौत से खपड़ा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।




