बिहार
अति पिछड़ा संकल्प मिशन को गति देने पर मंथन, कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न

आज बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अति पिछड़ा प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम जी के निर्देशानुसार तथा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों के विस्तार एवं मजबूती को लेकर व्यापक चर्चा करना रहा।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने हेतु प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तारीकरण पर गंभीर मंथन किया गया। साथ ही बिहार के सभी प्रमंडलों में प्रमंडलीय प्रभारियों की सूचीबद्ध नियुक्ति तथा जिला संयोजकों के चयन एवं दायित्व निर्धारण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी हित में संगठनात्मक अनुशासन को सुदृढ़ करने के लिए यह निर्णय लिया गया कि मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति आवश्यक होगी। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कांग्रेस के विचारों को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान राहुल गांधी जी के विचारों और अति पिछड़ा संकल्प मिशन को आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और भागीदारी के सिद्धांत को मजबूत करते हुए अति पिछड़ा वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को और तेज किया जाएगा।
इस बैठक में प्रमुख रूप से मिथिलेश निषाद, इंद्रदीप चंद्रवंशी, अरुण कुमार बिंद, सुरेश मुखिया, विनय कुमार गुड्डू, दिगंबर मोदी, मीणा कुमारी निषाद, शहादत हुसैन, अरुण कुमार राय, अजय चंद्रवंशी सहित कई वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में अध्यक्षीय संबोधन में शशि भूषण पंडित ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर कांग्रेस पार्टी को अति पिछड़ा वर्ग की सशक्त आवाज बनाया जाएगा, ताकि सामाजिक न्याय की लड़ाई को निर्णायक दिशा दी जा सके।




