क्राइमलोकल न्यूज़

फिरौती हेतु अपहरण का 24 घंटे में सफल उद्भेदन, मद्यनिषेध विभाग का सिपाही गिरफ्तार,

ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत फिरौती के उद्देश्य से किए गए अपहरण कांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में मद्यनिषेध विभाग, मुंगेर में पदस्थापित एक सिपाही को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 फरवरी 2026 को अभिषेक कुमार, पिता रंजीत पासवान, उम्र 22 वर्ष, निवासी नया टोला, केशोपुर, जमालपुर, मुंगेर ने ईस्ट कॉलोनी थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके तथा उनके 15 वर्षीय भतीजे सत्यमेव कुमार के साथ चार अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और फिरौती की मांग करते हुए अपहरण कर लिया।
आवेदन के आधार पर ईस्ट कॉलोनी थाना कांड संख्या 07/26, दिनांक 05.02.2026, अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं एवं एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक, मुंगेर के निर्देश पर थानाध्यक्ष ईस्ट कॉलोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
अनुसंधान के दौरान पीड़ित से पूछताछ में बताया गया कि दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे वे दोनों आरपीएफ मैदान की ओर टहलने गए थे, जहां चार लोग शराब पीते हुए मिले। पूछताछ के बाद उन लोगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की और काले स्प्लेंडर व नीली अपाचे मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल की ओर ले गए। वहां मोबाइल के माध्यम से परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की गई।
तकनीकी अनुसंधान के क्रम में चारों आरोपियों में से एक विकास कुमार, जो वर्तमान में मद्यनिषेध विभाग, मुंगेर में सिपाही के पद पर कार्यरत है, की संलिप्तता सामने आई। पुलिस अभिरक्षा में लेकर की गई पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ इस घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोप है कि फिरौती की राशि में से 16 हजार रुपये प्राप्त कर पीड़ितों को छोड़ दिया गया।
उपलब्ध साक्ष्य एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर आरोपी सिपाही विकास कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!