लोकल न्यूज़

अतिपिछड़ा समाज की बेटी के साथ दुष्कर्म के विरोध में मुंगेर में कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी की मांग

बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, मुंगेर शाखा के अध्यक्ष ओमप्रकाश पंडित एवं सचिव तनिक पंडित के नेतृत्व में जिले में कैंडल मार्च (प्रतिरोध मार्च) निकालकर नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड अंतर्गत अजयपुर गांव में बीते दिनों अतिपिछड़ा समाज की एक बेटी के साथ हुई गैंगरेप की घटना के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। हाथों में मोमबत्ती और तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं और इससे अतिपिछड़ा वर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिस तरह अनुसूचित जाति/जनजाति (एससी/एसटी) के लिए अत्याचार निवारण कानून लागू है, उसी तरह अतिपिछड़ा समाज के लिए भी अलग से “अतिपिछड़ा अत्याचार निवारण आयोग” का गठन किया जाए।

समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता और दोषियों को कड़ी सजा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कैंडल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाला गया, जहां लोगों ने “बेटी को न्याय दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की।

अंत में समिति के सदस्यों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके और समाज में कानून का भय कायम रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!