शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद जमालपुर में निकला तिरंगा मार्च, छात्र आंदोलन की जीत का किया दावा

जमालपुर। पेपर लीक मामले तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद शनिवार को जमालपुर में विभिन्न विपक्षी दलों, सामाजिक एवं छात्र संगठनों ने संयुक्त रूप से तिरंगा मार्च निकाला। प्रतिभागियों ने इसे छात्र-युवा आंदोलन की जीत बताते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई।
तिरंगा मार्च सदर बाजार स्थित बराट चौक से प्रारंभ होकर शनि मंदिर, अवंतिका मोड़ होते हुए जुबली वेल तक निकाला गया। इस दौरान प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा झंडा था और विभिन्न राजनीतिक नारे लगाए गए।
मार्च में कांग्रेस नगर अध्यक्ष साईं शंकर, राजद नगर अध्यक्ष बमबम यादव, कम्युनिस्ट प्रखंड अध्यक्ष कॉमरेड मुरारी प्रसाद, एसयूसीआई नेता प्रमोद कुमार, समाजवादी पार्टी के नेता रविकांत झा, सपा मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, आईआईपी युवा जिला अध्यक्ष मयंक राज उर्फ छोटू, केंद्रीय विसर्जन समिति अध्यक्ष बबलू पासवान, ऑल इंडिया अप्रेंटिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन पासवान सहित सामाजिक कार्यकर्ता प्रीतम आर्य, भूपेंद्र नाथ सिंह, विनोद मंडल, सिद्धेश्वर नाथ विश्वकर्मा, मोहम्मद बरकत कुरैशी, मोहम्मद रईस, सुशांत शेखर, सुभाष वर्मा, डब्लू रजक, सुमन शर्मा, रवि कुमार, भुनेश्वर पंडित तथा बड़ी संख्या में छात्र और आम नागरिक शामिल हुए।
मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा छात्रों के हितों की रक्षा को लेकर अपनी मांगें उठाईं।
आयोजकों ने कहा कि पेपर लीक मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




