मुंगेर में 4 से 6 दिसंबर तक होगी राज्यस्तरीय विद्यालय योगा प्रतियोगिता, डीएम की अध्यक्षता में तैयारी बैठक संपन्न,

राज्यस्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय योगा अंडर-14/17/19 (बालिका) खेल प्रतियोगिता 2025-26 के सफल आयोजन की तैयारी को लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, योग संघ के सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
विभागीय निर्देश के आलोक में यह प्रतियोगिता 04 दिसंबर से 06 दिसंबर 2025 तक मुंगेर में आयोजित की जाएगी। इस राज्यस्तरीय आयोजन में कुल 09 प्रमंडलों से 135 बालिका प्रतिभागी अपने-अपने दल प्रभारी के साथ भाग लेंगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आयोजन से संबंधित निर्देश दिया कि प्रतियोगिता का आयोजन प्रेक्षागृह, मुंगेर में किया जाएगा। प्रतिभागियों का निबंधन संग्रहालय, मुंगेर में 03 दिसंबर को शाम 4:00 बजे से लेकर 04 दिसंबर की सुबह 7:00 बजे तक कराया जाएगा। प्रतिभागियों एवं टीम प्रभारियों के आवास की व्यवस्था संग्रहालय, मुंगेर तथा इंडोर स्टेडियम, मुंगेर में की जाएगी। भोजन व्यवस्था भी सभी प्रतिभागियों और टीम प्रभारियों के लिए संग्रहालय, मुंगेर में की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन, परिवहन और आयोजन स्थल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुंगेर जिला प्रशासन ने इस राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।




