हरि सिंह महाविद्यालय में अभाविप का उग्र आंदोलन, त्रुटिपूर्ण रिजल्ट व शुल्क वृद्धि के खिलाफ तालाबंदी और धरना,

गेर विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई हरि सिंह महाविद्यालय, हवेली खड़गपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के तत्वावधान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन दो वर्षों से त्रुटिपूर्ण परीक्षा परिणाम में सुधार नहीं किए जाने और नए सत्र के परीक्षा फॉर्म में अप्रत्याशित शुल्क वृद्धि के विरोध में आयोजित किया गया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में तालाबंदी कर धरना दिया तथा मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया।
आंदोलन का नेतृत्व अभाविप नगर मंत्री आर्यन केशरी एवं कॉलेज अध्यक्ष अर्पण कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। नगर सह मंत्री मोहित कुमार और शैलब झा ने बताया कि सत्र 2023-27 के सेमेस्टर-1 के परीक्षा परिणाम में महाविद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्शा दिया गया, जबकि वे परीक्षा में उपस्थित थे। बार-बार आवेदन देने के बावजूद पिछले दो वर्षों से इस त्रुटि में सुधार नहीं किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं में भारी रोष है।
जिला एसएफएस सह संयोजक नीतेश मिश्रा और पिंकेश कुमार ने बताया कि सत्र 2025-29 के परीक्षा फॉर्म का शुल्क पहले 600 रुपये था, जिसे नए नोटिस में माइग्रेशन और प्रोविजनल शुल्क जोड़कर 1100 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की मनमानी और खुली लूट करार दिया।
धरना-प्रदर्शन में महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और करीब पांच घंटे तक तालाबंदी कर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान “भ्रष्ट कुलपति मुर्दाबाद”, “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “छात्र शक्ति राष्ट्र शक्ति” जैसे नारे लगाए गए। अभाविप नेताओं ने मांगें जल्द पूरी नहीं होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मौके पर जिला संयोजक अंकित जायसवाल, प्रांत सोशल मीडिया सह संयोजक सत्यम कुमार निराला, नगर परिषद उपमुख्य पार्षद दीपक यादव, शुभम केशरी, पिंकेश यादव, सुभाष कुमार, सुभम भारद्वाज, वार्ड पार्षद विक्की रॉय, रविरंजन कुमार, नगर सोशल मीडिया प्रमुख शिवम केशरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




