पूरबसराय के कमेला मोहल्ले में पुलिस की छापेमारी, दो नाली बंदूक, राइफल और 145 जिंदा कारतूस बरामद

मुंगेर। पूरबसराय थाना क्षेत्र के कमेला मोहल्ले में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुसार, पूरबसराय थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कमेला मोहल्ले में कुछ लोग अपने घर से अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी कर रहे हैं। सूचना के बाद त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम में पूरबसराय थानाध्यक्ष सौरभ कुमार तथा जिला सूचना इकाई को शामिल किया गया। टीम ने चिन्हित घर की घेराबंदी कर विधिवत छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद इरशाद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
दो नाली बंदूक, राइफल समेत 145 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति के पास से एक दो नाली बंदूक, एक राइफल, चार देसी कट्टा तथा विभिन्न बोर के 145 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
हथियार बरामदगी के मामले में पूरबसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूछताछ के दौरान हथियारों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में यह भी पता चला है कि उसके मोहल्ले में ही किसी व्यक्ति से विवाद था, जिसके कारण कुछ लोग हथियार जमा कर रहे थे।
पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि बरामद हथियार और कारतूस केवल व्यक्तिगत विवाद के लिए जमा किए गए थे या इनके पीछे संगठित हथियार तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: डॉ. सुरेश कुमार, पत्रकार
डिजिटल दर्पण न्यूज़




