Munger News जानबूझकर जनता को आक्रोशित कर रही है जिला प्रशासन : सपा
नहीं चेता प्रशासन तो होगा समाहरणालय का घेराव – पप्पू यादव

जिले के स्थानीय मुद्दों को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं की एक आवश्यक बैठक बेलन बाजार स्थित पार्टी के अस्थायी कार्यालय में सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ पीड़ितों की भयावह स्थिति, किसानों को फसल मुआवजा, विद्युत आपूर्ति की अनियमितता, वासगीत पर्चा वितरण में देरी, अपराध नियंत्रण और पुलिस की मनमानी सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। विचार-विमर्श के बाद सपा नेताओं ने जिला समाहरणालय का घेराव करने का निर्णय लिया।
सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन जानबूझकर जनता को आक्रोशित करने पर तुला है। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लगातार आंदोलन के बावजूद प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। सड़क की जर्जर स्थिति, बिजली की अनियमित आपूर्ति और अपराध पर नियंत्रण में पुलिस की नाकामी, सुशासन की पोल खोल रही है। यादव ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन समय रहते नहीं चेता तो दुर्गा पूजा के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी समाहरणालय का घेराव करेगी।
वहीं, समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि जमालपुर थाना क्षेत्र में खुशी नामक युवती की आत्महत्या सामाजिक दुर्दशा का उदाहरण है, लेकिन प्रशासन अपराधी की गिरफ्तारी करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
बैठक को महासचिव मिथिलेश यादव, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, नगर अध्यक्ष मो. आज़म, जिला सचिव नकुल यादव सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि जमालपुर और सदर प्रखंड के बाढ़ पीड़ित अब तक राहत से वंचित हैं, वहीं बरियारपुर प्रखंड के 7 हजार से अधिक प्रभावित परिवारों तक भी मदद नहीं पहुंची है। यह जिला पदाधिकारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
बैठक में मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, छड़पन मंडल, अशोक शर्मा, विजय यादव, गौरव यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।