लोकल न्यूज़

मुंगेर में गंगा कटाव तेज़, प्रशासन सतर्क — प्रभावित क्षेत्रों में लगातार की जा रही है निगरानी,

सदर प्रखंड के कुतलुपुर पंचायत अंतर्गत हरि बाबू टोला वार्ड संख्या 06 के समीप गंगा नदी में तेज बहाव के कारण हो रहे तीव्र मिट्टी कटाव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता के साथ सदर अंचल अधिकारी ने कल कटावग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से सतर्क रहने एवं आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

आज पुनः अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन, मुंगेर ने अंचल अधिकारी, सदर एवं कार्यपालक अभियंता के साथ कटाव स्थल का निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 300 मीटर तक पानी के ओवरबर्डन को कम किया गया है तथा कटाव रोकने हेतु अग्रेतर तकनीकी कार्रवाई की जा रही है। कल, 17 नवम्बर को बांस पाइलिंग (Bamboo Piling) का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे प्रभावित हिस्से को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जा सके।

अंचल अधिकारी, सदर मुंगेर के अनुसार संभावित प्रभावित परिवारों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रभावित परिवारों से प्रशासन नै अपील की कि वर्तमान कटाव को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थलों पर चले जाएँ। कटाव प्रभावित क्षेत्रों में बिल्कुल न जाएँ। वृद्धजन, दिव्यांग और छोटे बच्चों को कटाव स्थल के आसपास न जाने दें। कटाव संभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और सतर्क रहें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मुंगेर
दूरभाष: 06344-299961, मोबाइल: 9122765702 पर संपर्क करें। 

गंगा का कटाव बढ़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है, लेकिन प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!