क्राइमलोकल न्यूज़
बनरघट्टा पहाड़ी पर अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

मुंगेर पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नयारामनगर थाना क्षेत्र के बनरघट्टा पहाड़ी से संचालित एक अवैध मिनीगन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। छापेमारी के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, अर्द्धनिर्मित पिस्टल और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बनरघट्टा पहाड़ी स्थित एक स्थान पर अवैध रूप से आग्नेयास्त्रों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक, सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में थानाध्यक्ष नयारामनगर, जिला आसूचना इकाई एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर तीन व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान शाहवाज आलम उर्फ बिल्ला, मो० तारीख अनवर उर्फ चुन्ना एवं मो० मेहताव, तीनों निवासी मिर्जापुर वरदह, थाना मुफस्सिल, जिला मुंगेर के रूप में बताई।
भारी मात्रा में सामग्री बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 03 बेस मशीन, 02 अर्द्धनिर्मित देशी पिस्टल, 03 पिस्टल मैगजीन सहित, 02 अतिरिक्त मैगजीन, 10 कच्चे बैरल, 02 कच्ची बॉडी, 01 हैंड ड्रिल मशीन, 23 रेती, 07 हेक्सा ब्लेड फ्रेम सहित, 01 मोबाइल फोन तथा हथियार बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए। सभी सामान को जब्ती सूची बनाकर जप्त कर लिया गया।
इस संबंध में नयारामनगर थाना कांड संख्या 20/26, दिनांक 18.02.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




