ड्यूटी के दौरान काल बना करंट! सीमा पर तैनात बिहार के BSF जवान की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

हवेली खड़गपुर। देश की सीमा की सुरक्षा में तैनात बिहार के मुंगेर जिले के एक युवा बीएसएफ जवान की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही यह खबर उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों की आंखें भी नम हैं।
जानकारी के अनुसार, खड़गपुर प्रखंड के जवायत गांव निवासी 30 वर्षीय बीएसएफ जवान चंदन सिंह की बुधवार देर रात पंजाब के फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान सीमा के समीप ड्यूटी के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह बीएसएफ में जनरेटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि जनरेटर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
चंदन सिंह वर्ष 2014 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा कर रहे थे। उनकी शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उनकी पत्नी बांका के एक हाई स्कूल में शिक्षिका हैं। दंपति की अभी कोई संतान नहीं है।
मृतक के पिता ब्रजेश सिंह खेती-किसानी करते हैं। चंदन अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि उनके दोनों बड़े भाई गांव में कृषि कार्य से जुड़े हैं।
परिजनों के अनुसार, पंजाब में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार तक पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव जवायत लाए जाने की संभावना है।
जवान की शहादत जैसी इस दुखद खबर के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। रिश्तेदार, शुभचिंतक और आसपास के ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में चंदन सिंह की असमय मौत को लेकर गहरा दुख और संवेदना का माहौल है।
डिजिटल दर्पण न्यूज़ शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है और दिवंगत जवान चंदन सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है।




