असरगंज को मिला राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की एयरपोर्ट, उद्योग और शिक्षा विस्तार की बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के असरगंज नगर पंचायत स्थित जलालाबाद में रामानंद एवं परसीराम उच्च विद्यालय परिसर में नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय में पठन-पाठन का भी शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सात निश्चय-3 के तहत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अपने घर से दूर न जाना पड़े।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर की जनता ने उन्हें विधायक बनाया और उन्होंने जो भी वादे किए हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि असरगंज में डिग्री कॉलेज की स्वीकृति दी गई थी और आज उसका उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, श्री नीतीश कुमार और एनडीए नेतृत्व के विश्वास के साथ वे न केवल तारापुर बल्कि पूरे बिहार के विकास के संकल्प को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले आर्थिक तंगी और शिक्षा की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज, डिजिटल शिक्षा और लाइव क्लास की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब 212 डिग्री कॉलेज हो चुके हैं तथा बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में भी डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही एक ऐसा डिजिटल ऐप विकसित किया जाएगा, जिसके माध्यम से छात्र रात 11 बजे तक भी शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से शनिवार को हाफ-डे की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार पूरा करेगी। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए असरगंज विद्यालय के सामने स्थित बड़े मैदान को विकसित करने की घोषणा भी की।
विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर क्षेत्र में दो लेन वाला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जाएगा, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार के युवाओं को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उद्योगों की स्थापना की जाएगी और एयरपोर्ट बनने से मुंगेर एवं तारापुर देश-दुनिया से सीधे जुड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि सुल्तानगंज से बाबा धाम तक एक ही रंग के वस्त्र पहनकर और एक ही भाव से श्रद्धालुओं का जलाभिषेक करने जाना दुनिया में सामाजिक समरसता और समाजवाद का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय कर बाबा का जलाभिषेक करते हैं।
कार्यक्रम में डीजीपी श्री विनय कुमार, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार, मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी श्री राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।




