पुलिस केन्द्र में वाहन परेड आयोजित, एसपी ने किया निरीक्षण,

मुख्यालय पुलिस केन्द्र में वाहन परेड का आयोजन किया गया। वाहन परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक, सैयद इमरान मसूद ने किया । इस अवसर पर जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस प्रतिष्ठानों से संबंधित वाहनों को परेड में शामिल किया गया।
वाहन परेड का मुख्य उद्देश्य जिले में पुलिस बल द्वारा उपयोग में लाए जा रहे सभी सरकारी वाहनों की गुणवत्ता, तकनीकी स्थिति एवं कार्यक्षमता की जाँच करना था, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस बल की तत्परता और क्षमता प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहनों का एक-एक कर बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वाहनों की साफ-सफाई, इंजन की स्थिति, लाइट, सायरन, ब्रेक, टायर एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जाँच की। जिन वाहनों में तकनीकी या रख-रखाव से संबंधित कमियाँ पाई गईं, उन्हें शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वाहन परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने निर्देशित किया कि प्रत्येक मासिक अपराध गोष्ठी बैठक से पूर्व नियमित रूप से वाहन परेड का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण से न केवल वाहनों की गुणवत्ता बनी रहती है, बल्कि पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं समय पर कार्रवाई करने की क्षमता भी मजबूत होती है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए वाहनों का पूरी तरह से दुरुस्त रहना अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह वाहन परेड मुंगेर पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावशाली, सक्रिय एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। आयोजन से पुलिस कर्मियों में भी वाहनों के समुचित रख-रखाव को लेकर जागरूकता बढ़ी है।




