क्यूमैक्स पब्लिक स्कूल में स्पोर्ट्स मीट का भव्य उद्घाटन

हवेली खड़गपुर नगर स्थित क्यूमैक्स पब्लिक स्कूल में वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सचिव, प्रणव कुमार, सिट्टू, प्राचार्य हरेश कुमार सिंह, रेखा सिंह चौहान, यीशु यादव, स्थानीय पत्रकारों सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर विद्यालय प्रांगण छात्रों की ऊर्जा, जोश और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

स्पोर्ट्स मीट की शुरुआत कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं से हुई, जिसमें विद्यालय के चारों हाउस के छात्र-छात्राओं के बीच रोमांचक मुकाबले होने हैं। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और सौहार्द का परिचय देते हुए मैदान में शानदार प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेश कुमार, दुर्गेश सिंह और शिव प्रकाश ‘फंटूश’ ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने का उत्कृष्ट साधन है। अतिथियों ने प्रतिभागी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार दोनों खेल का हिस्सा हैं, परंतु सीख और अनुभव ही असली उपलब्धि होती है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आगामी दिनों में एथलेटिक्स, खो-खो, फुटबॉल, रिले रेस समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यालय के सभी कर्मियों की अहम भूमिका रही। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला।




