जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी फरियादें, संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश,

समाहरणालय, मुंगेर स्थित संवाद कक्ष में शुक्रवार को आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने विभिन्न फरियादियों की समस्याएं सुनीं और सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उपस्थित फरियादियों बरियारपुर बस्ती निवासी आनंदी मंडल ने पड़ोसी द्वारा मकान निर्माण कार्य रोकने की शिकायत की। बढ़ोनिया संग्रामपुर के शिव कुमार ने भाइयों द्वारा हिस्से की जमीन पर बने मकान को तोड़ने की शिकायत दर्ज कराई। लाल दरवाजा निवासी मुकेश कुमार वर्मा ने सदर अंचल अधिकारी पर परिमार्जन एलपीसी से संबंधित आवेदन का केस नंबर उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। छोटी संदलपुर के नकुल प्रसाद गुप्ता ने भतीजे द्वारा भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। पुरानीगंज निवासी डब्लू उर्फ निर्भय कुमार ने एनएचएआई द्वारा अधिग्रहित भूमि को अधिग्रहण से मुक्त कराने का अनुरोध किया। तेलियाडीह के मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उनकी जमीन पर लगी फ़सल जबरन लूट ली। पुवारी टोला फरदा के दिव्यांग हरि कुमार ने बैट्रीयुक्त मोटर चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों पर त्वरित जांच कर अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या परेशानी होने पर आप सीधे मुझसे बताएं, आपकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।”




