लोकल न्यूज़
धरहरा में ‘मेरा युवा भारत’ के तहत यूथ क्लब पंजीकरण अभियान, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान

- धरहरा (मुंगेर)। मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में धरहरा प्रखंड में नए यूथ क्लब पंजीकरण एवं युवा मंडल विकास अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास एवं नेतृत्व क्षमता से जोड़ना था। इसमें विभिन्न गांवों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रखंड अध्यक्ष प्रीतम शाह एवं सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं यूथ क्लब पंजीकरण अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि प्रीतम शाह ने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र सेवा, कौशल विकास, नेतृत्व निर्माण तथा सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रखंड स्तर पर नए यूथ क्लब एवं महिला मंडलों का निःशुल्क पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपने गांव, मोहल्ले एवं विद्यालय स्तर पर यूथ क्लब गठित कर माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंजीकृत क्लबों को केंद्र सरकार द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, कौशल प्रशिक्षण तथा युवा नेतृत्व विकास जैसे कार्यक्रमों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन के माध्यम से भी माय भारत पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने संकल्प लिया कि धरहरा प्रखंड में यूथ क्लब पंजीकरण अभियान को और गति दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवा ‘मेरा युवा भारत’ से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
इस अभियान को सफल बनाने में मेरा युवा भारत की स्वयंसेवक संध्या कुमारी, सपना कुमारी, अमित कुमार, राजेश कुमार सहित युवा मंडल के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।




