मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में 10 मॉडल विद्यालयों का किया शुभारंभ, आधुनिक शिक्षा सुविधाओं का हुआ विस्तार

मुंगेर, 28 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड अंतर्गत लौना स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) सह +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय पहुंचकर मॉडल विद्यालय का उद्घाटन किया। इसी परिसर से उन्होंने तारापुर विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के अन्य चयनित मॉडल विद्यालयों का भी औपचारिक शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों को अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर रही है। इन मॉडल विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर कक्षाएं तथा समृद्ध पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

शुभारंभ किए गए विद्यालयों में +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना (तारापुर), उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, गनैली (तारापुर), आर.एन.एम. उच्च विद्यालय, रनग्राम (तारापुर), सीतादेवी जगमोहन साह +2 बालिका उच्च विद्यालय, असरगंज, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चाखंड (असरगंज), रानी प्रभावती उच्च विद्यालय, संग्रामपुर, पब्लिक उच्च विद्यालय, बढ़ौनियां (संग्रामपुर), +2 उच्च विद्यालय, मंझगांय (संग्रामपुर), पंच कुमारी कन्या उच्च विद्यालय, हवेली खड़गपुर तथा गांधी मेमोरियल +2 उच्च विद्यालय, मुजफ्फरगंज (हवेली खड़गपुर) शामिल हैं।
इन विद्यालयों को जिला परियोजना प्रबंधन इकाई, मुंगेर की अनुशंसा पर तालिकाबद्ध कर सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय एवं विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयों के समुचित रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त मुंगेर श्री प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी श्री राकेश कुमार, जिलाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पाणिकर, पुलिस अधीक्षक श्री सैयद इमरान मसूद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने बड़ी माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।




