लोकल न्यूज़
एससी, एसटी समुदाय के सर्वांगीण विकास व विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को आच्छादित करने के उद्देश्य से, डीएम का जनसंपर्क भ्रमण : पेयजल संकट के त्वरित समाधान के निर्देश,

अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के सर्वांगीण विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को आच्छादित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बुधवार को खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत गंगटा पंचायत के दुधपनिया ग्राम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए।

ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट की गंभीर समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को शीघ्र ठोस एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फ्लोराइड युक्त पानी से बीमार ग्रामीणों से मिलकर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गांव में तत्काल स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन पेयजल संकट के प्रति गंभीर है और योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके पश्चात प्राथमिक विद्यालय दुधपनिया में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में वृद्धजन पेंशन, अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उद्यमी योजना, मत्स्य पालन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन लिए गए। इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था, मृदा जांच, नए आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण, फुटबॉल मैदान एवं मोबाइल टावर की स्थापना के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुन्नी देवी को मात्र तीन घंटे के भीतर श्रम कार्ड बनाकर उपलब्ध कराया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह गांवों में कैंप लगाकर आवेदन के सत्यापन उपरांत योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सभी समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन स्वयं गांवों में पहुंचेगा।
भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्र में गर्भवती महिला की गोदभराई की रस्म पूरी की तथा बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण भी किया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी खड़गपुर राजीव रोशन सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।




