देशधर्म

कांवरिया पथ का डीएम ने किया निरीक्षण, पेयजल की बर्बादी पर सख्ती

मुंगेर, 18 अगस्त 2026। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने असरगंज प्रखंड के कमराय स्थित कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवरियों से सीधे संवाद कर पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, सूचना केंद्र सहित अन्य व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा सभी मूलभूत सुविधाएं नियमित रूप से संचालित रहें।

मार्ग में दुकानों के समीप पेयजल की अनावश्यक बर्बादी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी जैसे महत्वपूर्ण और सीमित संसाधन की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई के साथ विद्युत कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

डीएम ने कच्ची कांवरिया पथ पर नियमित बालू पर पानी का छिड़काव कराने तथा जहां बालू की कमी है, वहां अतिरिक्त बालू बिछाने का निर्देश दिया। उन्होंने सूचना केंद्र और स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को तत्परता से जानकारी एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कच्ची कांवरिया पथ से गुजरते हैं। इसलिए स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, सूचना और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को कांवरियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

— डॉ. सुरेश कुमार
पत्रकार, डिजिटल दर्पण न्यूज़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!