क्यू मैक्स पब्लिक स्कूल में चार दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का भव्य समापन, विवेकानंद हाउस बना चैंपियन,

जिले के हवेली खड़गपुर नगर स्थित क्यू मैक्स पब्लिक स्कूल में आयोजित चार दिवसीय स्पोर्ट्स मीट-2025 का आज उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि मुंगेर के सेवानिवृत्त शिक्षाविद कौशल किशोर पाठक, श्रीमती पाठक, विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार सिंह, प्रबंधक सचिव प्रणव कुमार सीटू तथा स्थानीय पत्रकारों ने संयुक्त रूप से विजेताओं के बीच पुरस्कार वितरित किए।
मुख्य अतिथि कौशल किशोर पाठक ने अपने संबोधन में बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा प्रतिभागियों की ऊर्जा और अनुशासन की सराहना की।

विवेकानंद हाउस ने मारी बाज़ी :-
चार हाउस के बीच आयोजित प्रतिस्पर्धा में विद्यार्थियों ने दौड़, कबड्डी, फुटबॉल, थ्रोबॉल, ऊँची कूद, लंबी कूद, रस्साकशी सहित कई इवेंट्स में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 185 अंक पाकर विवेकानंद हाउस विजेता बना, 182 अंक पाकर दिनकर हाउस उपविजेता बना। तृतीय स्थान पर कलाम हाउस (163 अंक) व चतुर्थ स्थान पर टागौर हाउस (148 अंक) रहा। इस तरह केवल 3 अंकों के अंतर से दिनकर हाउस को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा, जबकि विवेकानंद हाउस ने शानदार बढ़त के साथ चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण रहा।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य हरेश कुमार सिंह ने भविष्य में और बड़े स्तर पर खेल आयोजन करने का आश्वासन दिया।
समापन समारोह के अंत में विद्यालय सचिव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों व अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस स्पोर्ट्स मीट ने छात्रों में खेल भावना, टीम वर्क और अनुशासन को और मजबूत किया है।
क्यू मैक्स पब्लिक स्कूल की यह चार दिवसीय स्पोर्ट्स मीट बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय की उत्कृष्ट खेल संस्कृति का शानदार उदाहरण बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




