इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता 2025 का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन,

प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन, मुंगेर के तत्वावधान में जिले के हवेली खड़गपुर नगर के स्थित हेंब्रोन मिशन स्कूल के प्रांगण में इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल, संग्रामपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हेब्रोन मिशन स्कूल, हवेली खड़गपुर द्वितीय एवं होली मिशन पब्लिक स्कूल, असरगंज तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेता विद्यालयों को एचडीएफसी बैंक, मुंगेर के प्रबंधक बी. आर. अमरेश द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों के प्रतिनिधियों, आमंत्रित अतिथियों एवं उपस्थित पत्रकारों को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियां इतनी उच्च कोटि की थीं कि दर्शक दीर्घा में बैठे लोग भी यह अनुमान नहीं लगा पा रहे थे कि कौन सा प्रतिभागी प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय स्थान प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम में चार्ली चैपलिन द्वितीय के नाम से प्रसिद्ध मुंगेर के लाल हीरो राजन कुमार की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिनकी मौजूदगी से बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।
इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन, मुंगेर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष – पी. सी. प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष – नंद किशोर चौधरी, जिला सचिव – महेश प्रसाद सिंह, प्रखंड सचिव – नीरज कुमार, जिला कोषाध्यक्ष – जिन्स के एलोसियस, मीडिया प्रभारी – मो. खालिद शामिल थे।
प्रतियोगिता में जिन विद्यालयों ने भाग लिया उनमें एच.एम.एस. तारापुर, सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल तारापुर, कलाम शहीद स्मारक स्कूल तारापुर, चाणक्य पब्लिक स्कूल रमनकाबाद, एम.एस. पब्लिक स्कूल खड़गपुर, स्टार एजुकेशन एकेडमी, होली मिशन पब्लिक स्कूल असरगंज, महर्षि मेहीं स्कूल पाटम, एन.एन.एम. पब्लिक स्कूल तारापुर, बल विद्यालय आई.वी. रोड खड़गपुर, सार्वजनिक विद्यालय मदवा, यशोदा देवी पैरामाउंट खड़गपुर, एस.पी. पब्लिक स्कूल संग्रामपुर, यूनिक एजुकेशन पॉइंट रायपुरा तथा डी.एम. एरालिश स्कूल, खड़गपुर प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।




