क्राइम

मुंगेर में फर्जी सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, 85.50 लाख नकद व हथियार के साथ तीन गिरफ्तार,

मुंगेर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बासुदेवपुर थाना क्षेत्र के नयागांव में संचालित एक फर्जी सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध कारोबार से अर्जित 85 लाख 50 हजार रुपये नकद, चार अवैध हथियार, 20 कारतूस, सिगरेट निर्माण में प्रयुक्त रैपर, रोल व अन्य सामग्री बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व मुंगेर सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, नयागांव निवासी मो. अकबर और मो. तौफिक के घर और गोदाम में अवैध रूप से ब्रांडेड कंपनियों की नकल कर सिगरेट तैयार की जा रही थी।
प्रेस वार्ता में एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि छापेमारी के दौरान 3800 ब्रांडेड सिगरेट के खाली पैकेट, 930 सिगरेट रैपर, 17 रोल सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध कारोबार से जुड़ा एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय था, जिसके तार मुंगेर के अलावा ओडिशा सहित अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं।
एसपी ने बताया कि मो. अकबर पूर्व में एक मल्टीनेशनल कंपनी आईटीसी में ठेकेदार के रूप में कार्य कर चुका है। कंपनी द्वारा नष्ट किए जाने वाले वेस्ट और पैकिंग मैटेरियल का उपयोग कर फर्जी सिगरेट तैयार की जा रही थी। बरामद नकदी की जानकारी आयकर विभाग और जीएसटी विभाग को दे दी गई है, जो अब मामले की अलग से जांच करेंगे।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी मुंगेर में फर्जी सिगरेट फैक्ट्री का खुलासा हो चुका है। मुंगेर पुलिस लगातार अवैध कारोबार और अपराध पर लगाम लगाने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!