लोकल न्यूज़स्पेशल
मुंगेर के लाल राजीव रंजन को ‘अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025’, पूर्व रेलवे में उत्कृष्ट सेवा का मिला राष्ट्रीय सम्मान

मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कौशलपुर कोड़ासी निवासी पूर्व रेलवे के लोको पायलट राजीव रंजन को रेल सुरक्षा एवं जनहित में उत्कृष्ट, सतर्कतापूर्ण और अनुकरणीय सेवाओं के लिए वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित ‘अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन्हें माननीय केंद्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदान किया गया।

राजीव रंजन, पिता संजीव दास एवं माता सुनीता देवी, अपने सेवाकाल के दौरान कई बार असाधारण जिम्मेदारी, उच्च पेशेवर दक्षता और सतर्कता का परिचय देते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर चुके हैं। उनके कार्यों ने न केवल रेल प्रशासन का विश्वास जीता, बल्कि मानव जीवन की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से मुंगेर जिले सहित उनके पैतृक गांव कौशलपुर कोड़ासी में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीण शिक्षक प्रभाकर कुमार भारती ने कहा कि राजीव रंजन की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदार सेवा से राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।
राजीव रंजन को मिले इस सम्मान से न केवल उनके परिवार बल्कि संपूर्ण मुंगेर जिला और रेलवे परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।




