राजनीतिलोकल न्यूज़
PAT परीक्षा में देरी से छात्रों का भविष्य अधर में, राजभवन से तत्काल परीक्षा की अनुमति देने की मांग

सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) के छात्र नेता ईशु यादव ने बिहार के महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति से मांग की है कि जिन विश्वविद्यालयों ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT) के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली है अथवा फॉर्म भरने की तिथि जारी कर दी है, उन्हें अविलंब परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी जाए।
ईशु यादव ने कहा कि राज्य के कई विश्वविद्यालयों द्वारा पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT) के लिए काफी पहले विज्ञापन जारी किए गए थे। हजारों छात्रों ने निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन किया है और लंबे समय से परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। इसके बावजूद अब तक परीक्षा आयोजित नहीं होने से छात्रों में भारी असमंजस और निराशा का माहौल है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में लगातार हो रही देरी से शोधार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है तथा उनका भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों ने अपने समय, धन और मानसिक श्रम का निवेश किया है, इसलिए पूर्व में जारी विज्ञापनों और प्रवेश प्रक्रियाओं को रद्द करना छात्र हित के विरुद्ध होगा।
छात्र नेता ने महामहिम कुलाधिपति से आग्रह किया कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर छात्र हितों की रक्षा करें तथा संबंधित विश्वविद्यालयों को शीघ्र PAT परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दें, ताकि छात्रों को अनिश्चितता से मुक्ति मिल सके और उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।




