राजनीतिलोकल न्यूज़

शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने वाली केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का “छात्रों की गूंज” अभियान शुरू

मुंगेर।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार आज मुंगेर जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा शिक्षा संकट, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं में अनियमितता तथा बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था आज गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने करोड़ों छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोड़ दिया है। लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं, लेकिन भ्रष्ट और असफल व्यवस्था उनकी उम्मीदों के साथ खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में है। परीक्षा संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

राजेश मिश्रा ने मांग करते हुए कहा कि नीट एवं अन्य परीक्षाओं में हुए घोटालों की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें तथा छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए वर्तमान परीक्षा संचालन प्रणाली और टेस्टिंग एजेंसी में व्यापक सुधार किए जाएं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

जिला कांग्रेस कमिटी  के द्वारा  आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में जिले के  छात्रों, युवाओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों  एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!