हरि सिंह महाविद्यालय में इंडक्शन मीट के राजनीतिकरण के विरोध में SSAI का आक्रोश मार्च, प्राचार्य का पुतला दहन

मुंगेर, 02 जुलाई। मुंगेर विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इंडक्शन मीट के दौरान हरि सिंह महाविद्यालय में कथित राजनीतिक गतिविधियों के विरोध में सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (SSAI) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में आक्रोश मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता अनिकेत कुमार और राजू कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
SSAI के नेताओं का आरोप है कि नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत के लिए आयोजित इंडक्शन मीट को कॉलेज प्रशासन ने एक विशेष छात्र संगठन के प्रचार-प्रसार का मंच बना दिया, जो विश्वविद्यालय की मंशा और शैक्षणिक संस्थानों की निष्पक्षता के विपरीत है। संगठन का कहना है कि सरकारी कार्यक्रम का उपयोग किसी एक छात्र संगठन की ब्रांडिंग के लिए किया जाना अनुचित है।
प्रदर्शन के दौरान SSAI नेता सागर प्रताप सिंह और आदित्य ओम ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष होनी चाहिए और किसी भी राजनीतिक संगठन के पक्ष में सरकारी मंच का उपयोग स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर की लोकतांत्रिक और शैक्षणिक गरिमा प्रभावित हो रही है तथा इस प्रकार की गतिविधियों का संगठन लगातार विरोध करेगा।
SSAI ने मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में राजा कुमार, धीरज कुमार, अभिलेष, राहुल, रोहन, आशीष, विभव, अभिमन्यु, गोलू सहित बड़ी संख्या में SSAI कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई।




