युवा राजद प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव का मुंगेर दौरा, घायल आसिफ वसीम का जाना हाल और डिप्टी मेयर खालिद हुसैन के परिवार को दी सांत्वना

मुंगेर, 10 जुलाई 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने शुक्रवार को मुंगेर जिले का दौरा कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल युवा राजद के जिला अध्यक्ष मो. आसिफ वसीम का हालचाल जाना तथा डिप्टी मेयर सह युवा राजद नेता खालिद हुसैन के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार को सांत्वना दी।

सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष सदर प्रखंड के बरदह गांव स्थित युवा राजद जिला अध्यक्ष मो. आसिफ वसीम के पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उल्लेखनीय है कि दो माह पूर्व पटना से लौटने के दौरान बेगूसराय के बलिया स्थित एनएच-31 पर हुई सड़क दुर्घटना में आसिफ वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में इलाज के बाद वे इन दिनों अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
इस अवसर पर राजेश यादव ने कहा कि मो. आसिफ वसीम पार्टी के जुझारू, कर्मठ और समर्पित युवा नेता हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे जल्द स्वस्थ होकर संगठन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन फिर से पूरी ऊर्जा के साथ करेंगे।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष दिलावरपुर स्थित डिप्टी मेयर सह युवा राजद नेता खालिद हुसैन के आवास पहुंचे। हाल ही में उनके पिता मो. शाहिद के निधन पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान युवा राजद के प्रदेश सचिव गजेंद्र कुमार हिमांशु उर्फ अरविंद, राजद प्रदेश महासचिव सह पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव विनय सुमन, जिला प्रधान महासचिव आकाश दीप, जिला महासचिव आबिद हुसैन, अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अनिल भूषण, युवा राजद जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार यादव, कौशल किशलय, नवल यादव, वीरेंद्र यादव, नवीन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




