स्कूल जाने की बात कहकर निकला किशोर झील में डूबा, दोस्तों के साथ आया था खड़गपुर घूमने

हवेली खड़गपुर, 17 जुलाई।
हवेली खड़गपुर झील में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में खगड़िया निवासी 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जयप्रकाश नगर, खगड़िया निवासी एवं स्टेशन मास्टर लक्ष्मीकांत निराला के पुत्र केशव कुमार के रूप में हुई है। वह अपने पांच दोस्तों के साथ झील घूमने आया था।

बताया जाता है कि सभी दोस्त झील के स्पीलवे के समीप पहुंचे, जहां दो किशोर नहाने के लिए गहरे पानी में उतर गए। कुछ ही देर में दोनों डूबने लगे। साथियों ने गमछा फेंककर उन्हें बचाने का प्रयास किया। एक किशोर किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन केशव गहरे पानी में लापता हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद केशव को पानी से बाहर निकाला और तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने किशोरों को गहरे पानी में जाने से रोका था, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर हवेली खड़गपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि केशव घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन दोस्तों के साथ हवेली खड़गपुर झील घूमने पहुंच गया। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




